फर्रुखाबाद। गरीब परिवार की छात्राओं की शिक्षा को जिले में तीन और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं पांच बा विद्यालयों में से तीन को कक्षा 12 तक किया जाएगा, इसके लिए यहां हॉस्टल समेत अन्य निर्माण होंगे। नवीन बा विद्यालय के भवन निर्माण को पांच-पांच और उच्चीकरण के लिए तीन-तीन एकड़ जमीन की जरूरत होगी। शासन के आदेश पर बीएसए ने जिलाधिकारी को पत्र भेज भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।
जिले में मोहम्मदाबाद, बढ़पुर व नगर क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नहीं हैं। इन्हीं तीनों में निर्माण होगा। इसके अलावा कमालगंज, कायमगंज व नवाबगंज के बा विद्यालयों का उच्चीकरण होगा। यहां एकेडेमिक ब्लाक एवं हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। नवीन विद्यालय भवन और हॉस्टल निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने संबंधी राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद का आदेश आया है। जमीन मिलने के बाद बजट जारी होगा और निर्माण शुरू कराया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि जिलाधिकारी को इस संबंध में पत्र भेज कर जमीन उपलब्ध करवाने की मांग की गई है। ताकि रिपोर्ट शासन को भेजी जा सके।