फोटो-11, सट्टा माफिया गैंगस्टर हसनैन के मकान में सील लगाते राजस्व कर्मी।संवाद
फर्रुखाबाद। सट्टा कारोबार में लिप्त माफिया गैंगस्टर हसनैन के पुत्र व पुत्रवधू के नाम 2.40 करोड़ रुपये कीमत का तीन मंजिला मकान रविवार को कुर्क कर दिया गया।
प्रभारी तहसीलदार की देखरेख में मऊदरवाजा व कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। मुनादी के वक्त बड़ी संख्या में लोग घर की छतों से झांकते रहे।
शहर कोतवाली के मोहल्ला खटकपुरा सिद्दीकी निवासी हसनैन का एक दशक से अधिक समय तक सट्टा पर एकछत्र राज रहा। उसके गिरोह में शामिल सभी सदस्यों पर प्रशासन ने गैंगस्टर की कार्रवाई की। गैंगस्टर हसनैन इस समय जेल में है। अभी तक 12 संपत्तियों पर प्रशासन कुर्की की कार्रवाई कर चुका है।
रविवार शाम प्रभारी तहसीलदार सनी कनौजिया, मऊदरवाजा थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, शहर कोतवाली प्रभारी राजीव पांडेय पुलिस बल के सात खटकपुूरा सिद्दीकी पहुंचे। उन्होंने मोहल्ले में मुनादी कराई गई। लोगों को बताया गया कि सट्टा माफिया के पुत्र और पुत्रवधू के नाम करीब 2.40 करोड़ रुपये कीमत का तीन मंजिला मकान कुर्क किया जाएगा।
पुलिस की देखरेख में मकान पर कुर्की नोटिस लिखवा दिया गया। अब इस संपत्ति के प्रशासक तहसीलदार होंगे। तहसीलदार सनी कनौजिया ने बताया कि अभी तक 12 संपत्तियां कुर्क हो चुकी हैं। आगे भी कार्रवाई होती रहेगी।