अमृतपुर। जिला विज्ञान क्लब की ओर से नव प्रवर्तन जन जागरुकता कार्यक्रम के तहत तोड़-फोड़-जोड़ प्रतियोगिता हुई। इसमें छात्र-छात्राओं ने हुनर दिखाया। साउंड एम्पलीफायर को तोड़कर जोड़ा और उसको चालू करने में छात्र साहिल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजेपुर में नव प्रवर्तन जन जागरुकता के तहत तोड़-फोड़-जोड़ प्रतियोगिता कराई गई। इसका उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मोली ने किया। इसमें ब्लाक क्षेत्र के दयानंद इंटर कॉलेज अमृतपुर, गंगापार महात्मा गांधी इंटर कॉलेज राजेपुर, जीजीआईसी राजेपुर, योगेश कुमारी हृदेश कुमार इंटर कॉलेज गांधी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने इलेक्ट्रिक उपकरणों को खोलकर दोबारा से जोड़ने और उसको चालू करने का हुनर दिखाया।
साउंड एम्पलीफायर को खोलकर दोबारा से जोड़ने के बाद चालू करने में छात्र साहिल प्रथम, बैटरी से पंखा चलाने का प्रदर्शन करने में छात्रा काजल ने दूसरा स्थान और मेन स्विच बोर्ड को खोलकर उसको दोबारा से जोड़ने में छात्रा माही सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
सीडीओ ने छात्र-छात्राओं का हुनर देखकर उनको और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया। विज्ञान क्लब की समन्वयक दीपिका राजपूत ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा बच्चों के मध्य नव प्रवर्तन की प्रवृत्ति को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
विजयी छात्र-छात्राओं को सीडीओ व डीआईओएस ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान शिल्पी, प्रभाकर सिंह, मंजू रावत, विनीता अवस्थी, अनुसुइया दीक्षित, प्रधानाचार्य अनिल सिंह, श्वेता, दिनेश भी मौजूद रहे।