फर्रुखाबाद। कानपुर में बदमाशों से हुई मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिस के आठ जवानों को सपा, कांग्रेस समेत कई संगठनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सपा ने लालगेट पर कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी। मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
सपा के निवर्तमान जिला महासचिव मंदीप यादव की अगुवाई में कार्यकर्ता शुक्रवार शाम छह लालगेट फव्वारे के पास पहुंचे। उन्होंने कैंडल जलाकर कानपुर मुठभेड़ में शहीद हुए सीओ, थानाध्यक्ष समेत आठ पुलिस कर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान छात्रसभा पूर्व अध्यक्ष शशांक सक्सेना, सरदार तोषित प्रीत सिंह, विनय यादव, अजय गुप्ता, जितेंद्र यादव उर्फ जीतू, सचिन गुप्ता, अक्षय सिंह, बंटी यादव, चंद्रेश राजपूत आदि कार्यकर्ता थे। उधर, भाजपा नगर महामंत्री शिवम दुबे ने सेंट्रल जेल चौराहे पर कैंडल प्रज्ज्वलित कर दो मिनट का मौन रखकर शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी। सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी जितेंद्र चौधरी, भाजपा सेक्टर संयोजक संजीव त्रिपाठी, आकाश तिवारी, अंशू, छोटू, सिपाही नरेंद्र यादव आदि थे।
मुस्लिम महासभा के कई कार्यकर्ता पक्के पुल पर एकत्रित हुए। वहां कैंडल प्रज्ज्वलित कर दो मिनट का मौन रखकर पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कैंडल लेकर चौक तक आए। सलीम राजा, मोहम्मद मिराजुद्दीन, फरियाब खान, फरीद खान, रुसद खां, जीशान आदि रहे। उधर भोलेपुर स्थित कार्यालय में कांग्रेसियों ने दो मिनट का मौन रखकर पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। जिलाध्यक्ष विजय कटियार ने शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अराजकता हावी हैं। जनता के साथ पुलिस भी सुरक्षित नहीं है। मृत्युंजय शर्मा, कौशलेंद्र यादव, अभय यादव, डालचंद्र कठेरिया आदि मौजूद रहे।
लालगेट पर शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देते सपा नेता। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD