विराहिमपुर में पौधे देते विधायक व एसडीएम।
- फोटो : FARRUKHABAD
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत गांव विराहिमपुर जागीर में 44 बेटियों को आम व सहजन के पौधे वितरित किए गए। इस दौरान एसडीएम ने औषधीय पौधा सहजन की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी।
प्रशासन की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरुकता सप्ताह चल रहा है। इसके तहत पूरे गांव में ऐसे लोग चिह्नित किए गए, जिनके यहां केवल बेटियों ने जन्म लिया है। गांव में ऐसी 44 बेटियां मिलीं। गांव के प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इसमें गांव की 44 बेटियों को आम व सहजन के पौधे वितरित किए। साथ ही कहा गया कि यह पौधे सभी लोग अपने घरों या परिसर में लगाएं और बेटियों की तरह ही उनके परिवार के अपनी बेटी के नाम के पौधे का पालन-पोषण करें। जिससे दूषित हुए पर्यावरण को लाभ मिल सके।
इसके बाद कार्यक्रम में शामिल विधायक अमर सिंह खटिक, एसडीएम अमित आसेरी, बीडीओ श्रीकृष्ण उपाध्याय, एडीओ अरुण मिश्रा, सीडीपीओ मानवेन्द्र सिंह व ग्राम प्रधान अमरदीप दीक्षित ने स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। विधायक ने कहा कि हमारे जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण जरूरी है।
इसके लिए हमको जागरूक होना पड़ेगा। एसडीएम ने कहा सहजन के पेड़ की पत्ती से लेकर उसकी छाल व जड़ तक औषधीय है। इसके खाने से तमाम बीमारियों में लाभ होता है। बीडीओ ने बेटियों व पेड़ों को बचाने व उन्हें पालने का संदेश दिया। स्कूल में बच्चों ने बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ की रंगोली बनाई, जिसकी अतिथियों ने सराहना की।