फर्रुखाबाद। डीके स्पोर्ट्स स्टेडियम फतेहगढ़ में चल रही जूनियर क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला आरके क्रिकेट एकेडमी ने जीता।
एकेडमी ने छिबरामऊ क्रिकेट क्लब को हराकर बाजी मार ली। विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
फाइनल मैच में छिबरामऊ क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 144 रन बनाए। अयांश पाल ने 40, अर्पित कुमार ने 28 रनों की पारी खेली। आरके क्रिकेट एकेडमी के कप्तान सम्राट कुंद्रा ने दो, कार्तिक, विशेष कुमार और लव पांडेय ने एक-एक विकेट अपनी झोली में डाला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरके क्रिकेट एकेडमी के ओपनर बल्लेबाज सुमित सिंह व ऐनान ने शुरू से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना शुरू कर दिया। टीम ने छह ओवर में ही 53 रन बना लिए।
छिबरामऊ क्रिकेट क्लब के गेंदबाज ओपनिंग बल्लेबाजों के सामने असहाय दिखे। 11 ओवर में ऐनान (29 रन) के रूप में पहला विकेट गिरा, लेकिन तब तक टीम जीत के मुहाने पर पहुंच चुकी थी। टीम ने 15वें ओवर में ही मैच जीत लिया।
सुमित कुमार ने नाबाद 62 रनों की पारी खेली। सुमित कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। संरक्षक राशिद खान ने विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी व शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर कोच अखिलेश सिंह, दानिश खान, कासिम खान व राज वर्मा आदि मौजूद रहे।
फोटो-12, डीके स्पोर्ट्स स्टेडियम फतेहगढ़ में शॉट मारता बल्लेबाज। स्रोत कोच- फोटो : katra news