मोहम्मदाबाद(फर्रुखाबाद)। शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में इटावा जिला जेल में तैनात बंदी रक्षक के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में पीड़िता ने जेल के अधीक्षक से भी शिकायत की थी, लेकिन सुनवाई नहीं की गई।
कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला के पति की तीन वर्ष पहले मौत हो गई थी। जनपद इटावा के गांव कोकापुर निवासी बंदीरक्षक आनंद उसके घर आया और शोक संवेदना व्यक्त की। आनंद उसके बाद भी घर आता जाता रहा। इस बीच उसने मां से शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन महिला ने शादी से मना कर दिया। एक दिन आनंद ने महिला को अकेला पाकर दबोच लिया। शोर मचाने पर आस पास के लोग आए गए। उसने बदनामी से बचने के लिए आनंद से शादी करने की बात कह दी। इसके बाद वह आनंद के साथ उसके गांव कोकापुर चली गई। वहां आनंद ने कई बार उससे दुष्कर्म किया और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने इटावा जिला जेल के अधीक्षक से बंदी रक्षक की लिखित शिकायत की थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बंदीरक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।