कायमगंज (फर्रुखाबाद)। गांव बरझाला मंदिर के पास शुक्रवार देर शाम छात्र की गोली मारकर हत्या व नर्सरी कारोबारी के घायल होने की घटना में मृतक के पिता ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें गांव के ही चार नामजद व दो अज्ञात पर हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, एससी एसटी एक्ट के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के परिजनों को हिरासत मेें लिया है।
गांव जिरखापुर निवासी राजेश्वर कठेरिया के 21 वर्षीय पुत्र नेत्रपाल ने इस बार इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। शुक्रवार देर शाम वह अपने गांव के ही दोस्त हरवंश यादव के साथ बाल कटवाकर घर जा रहा था। तभी गांव बरझाला के पास बाइकों पर सवार छह हमलावरों ने उसे रोक लिया और 3 माह पहले हुई मारपीट का हवाला देते हुए गाली देने लगे।
इसमें गांव के ही बबलू यादव ने तमंचे से उसके सीने में गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे गांव बरझाला निवासी नर्सरी कारोबारी अरविंद श्रीवास्तव ने बीचबचाव किया तो उनको भी गोली मार दी थी। हमलावर फायर करते हुए भाग गए। एक बाइक वहीं गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया।
पिता राजेश्वर की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही बबलू यादव, उमेश यादव, शिवा यादव, रामवरन यादव व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा व एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों के घरों पर लगातार दबिश दे रही है। दबाव बनाने के लिए आरोपियों के परिजनों को हिरासत में लिया है।
शव का पोस्टमार्टम डा. विकास पटेल ने किया। सीने में लगी गोली आरपार हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव होने से नेत्रपाल की मौत होने की पुष्टि की गई है। घुटने में एक चोट का उल्लेख भी है।
दीपावली पर हुई मारपीट की थी रंजिश
कायमगंज। नेत्रपाल व आरोपी बबलू के बीच दीपावली के समय हुई मारपीट की रंजिश थी। आरोपी तभी से उसकी हत्या के फिराक में था।
मृतक के भाई गुलाब सिंह व परिवार की महिलाएं पोस्टमार्टम हाउस जा रहीं थीं। तभी भाई गुलाब ने बताया कि बबलू ने गांव में एक मकान खरीदा था। इस पर कब्जे को लेकर गांव के रुस्तम का उससे विवाद चल रहा था। बबलू ने दीपावली के समय रुस्तम की मदद करने का आरोप लगाते हुए उनके पिता से मारपीट की थी।
इस पर नेत्रपाल वहां पहुंचा तो बबलू से मारपीट हो गई। तभी से वह रंजिश मानने लगा था। बदला लेने की बात भी कहता था। मौका पाकर उसने नेत्रपाल की हत्या कर दी। इंस्पेक्टर विनय राय ने बताया कि पहले झगड़े में कोई पक्ष थाने नहीं आया था। इसलिए कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीओ राजवीर सिंह गौर ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।