फर्रुखाबाद। दुकानदार के फांसी लगाने के मामले में दंपती, कोटेदार व 10 अज्ञात पर मारपीट व आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुकानदार की पत्नी ने उत्पीड़न से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने का आरोप लगाया है।
शहर के मोहल्ला कछियाना निवासी दुकानदार स्वदेश कुमार ने आरा कसान स्थित गैराज में 26 नवंबर की शाम फांसी लगा ली थी। इस मामले मेें उसकी पत्नी कल्पना देवी ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें कहा कि घटना के दिन दोपहर में 10 अज्ञात लोग पति की दुकान पर आए थे। उन्होंने पति को गणेश प्रसाद स्ट्रीट निवासी कोटेदार मुकेश चौहान के यहां बुलाया।
दोपहर दो बजे वह कोटेदार के यहां गए, तो वहां छावनी निवासी नन्हेंलाल और उनकी पत्नी आरती व मुुकेश चौहान ने गाली गलौज कर मारपीट कर दी। कहा कि बीसी के रुपये नहीं दे पा रहे तो तो आत्महत्या कर लो। इससे दुखी होकर पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आवास विकास की कीमती जमीन कब्जाने में चार फंसे
फर्रुखाबाद। आवास-विकास परिषद निर्माण शाखा कानपुर के अधिशासी अभियंता निखिल माहेश्वरी और अवर अभियंता संतोष कुमार ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि टीला मसेनी के मदनलाल, सुनील कटियार, सुधीर कटियार, सुशील कटियार व कुछ अज्ञात ने कीमती जमीन पर कब्जा कर लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। (संवाद)