फर्रुखाबाद। एक कंपनी में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करके दो करोड़ रुपये हड़पने के मामले में कर्नाटक के बंगलुरु की महिला समेत 12 लोगों पर कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रुपये वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।
मोहल्ला राजीव गांधीनगर निवासी अमित यादव ने बंगलुरु शहर की महादेवरपुर निवासी सियोंसी पार्क, पार्क हुवू व 10 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई। कहा कि उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। जिसमें टीम के रूप में 60 लोगों को जोड़ने की बात कही गई। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल व भारतीय स्टेट बैंक का गारंटी कार्ड भेजकर निवेश वापस होने की बैंक की जिम्मेदारी बताई। पीड़ित ने अपनी टीम से करीब दो करोड़ का निवेश किया। रुपये न मिलने पर धोखाधड़ी का अहसास हुआ। जब रुपये मांगे तो आरोपियों ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी राजीव पांडेय ने बताया कि ऑनलाइन कंपनी में निवेश में दो करोड़ की धोखाधड़ी हुई है। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।