फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में बुधवार को डिप्टी सीएमओ ने छापा मारा। इस दौरान पांच झोलाछाप बिना पंजीकरण के पैथोलॉजी, अस्पताल, क्लीनिक व मेडिकल स्टोर चलाते मिले। उनके खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. अनुराग सिंह ने झोलाछापों पर शिकंजा कसने के लिए मोहम्मदाबाद क्षेत्र में चिकित्सीय प्रतिष्ठान देखे। गांव अलावलपुर में पेट्रोल पंप के पास शिवरतन शाक्य अपने देव मेडिकल स्टोर पर बैठे मिले, जबकि हरिओम शाक्य क्लीनिक चला रहे थे। कस्बा के संकिसा रोड पर जुबैर खान एसपीएल लैब, बेवर रोड पर कोतवाली के पास धीरेंद्र पाल बालाजी पैथोलॉजी चलाते मिले।
संकिसा रोड पर नारायण हास्पिटल चल रहा था। डिप्टी सीएमओ ने सभी को नोटिस देते हुए चिकित्सीय व सीएमओ कार्यालय का पंजीयन प्रमाणपत्र मांगा। कोई चिकित्सा संबंधी कागजात नहीं दिखा सका। डिप्टी सीएमओ ने सभी के खिलाफ मोहम्मदाबाद कोतवाली में तहरीर दी। इसमें कहा है कि बिना पंजीकरण व चिकित्सीय डिग्री के चिकित्सा अभ्यास कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।