फर्रुखाबाद । जनपद में सभी आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और एक सिविल अस्पताल में पिछले दो माह से ठप चल रही सीबीसी जांच अब शुरू हो जाएगी। इसके लिए स्टोर में रीजेंट मंगा लिया गया है। शनिवार को सीएचसी प्रभारियों को स्टोर से रीजेंट मंगवाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में बुखार व डेंगू का प्रकोप चल रहा है। इस बीच सभी सीएचसी में रीजेंट न होने से सीबीसी जांच ठप है। मरीजों से निजी पैथोलॉजी संचालक सीबीसी जांच के मनमाने रुपये वसूल रहे हैं। पैथोलॉजी संचालक डॉक्टर व झोलाछापों के इशारे पर कम प्लेटलेट्स की रिपोर्ट देकर डेंगू का खौफ फैला रहे हैं।
वहीं स्टोर में दो माह से रीजेंट खरीद की प्रक्रिया चल रही थी। स्टोर प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ.आरसी माथुर ने बताया कि स्टोर में रीजेंट आ गया है। सभी सामुदायिक केंद्रों पर डिमांंड के अनुसार वितरण किया जाएगा। उन्होंने सीएचसी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शनिवार को ही स्टोर से रीजेंट प्राप्त कर लें। इससे रविवार को लगने वाले स्वास्थ्य मेले में मरीजों की सीबीसी जांच की जा सके।