फर्रुखाबाद। ऋण वसूली के लिए आई नवाबगंज बैंक ऑफ इंडिया की टीम पर पांचाल घाट पर हमला बोल दिया गया। मौका पाकर प्रबंधक टीम समेत कार से भाग गए। भागने में नाकाम पीआरडी जवान को लोगों ने जमकर धुन दिया। पुलिस ने उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया है। पीड़ित ने तहरीर दी है।
मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला रकाबगंज खुर्द निवासी पीआरडी अवनीश (35) नवाबगंज बैंक ऑफ इंडिया में तैनात है। उसने बताया कि बैंक प्रबंधक गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, अन्य कर्मियों के साथ वह मंगलवार दोपहर में पांचाल घाट साईं मंदिर के पास निवासी एक बकाएदार से चार लाख ऋण की वसूली करने आए थे। जब बकायेदार से बातचीत हो रही थी, उसी दौरान उसके पक्ष के कई लोग एकत्रित हो गए।
गाली गलौज के बाद जैसे ही बकाएदार हमलावर हुए कि प्रबंधक और अन्य स्टॉफ कार से भाग गए। वह कार में नहीं बैठ सका, तो दबंगों ने पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। इससे उसके काफी चोंटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का लोहिया अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण कराया। कादरीगेट थाना इंस्पेक्टर आमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट लिखकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।