जिलाधिकारी के निरीक्षण के दूसरे दिन ही प्राथमिक विद्यालय अलादपुर भटौली में बने बाढ़ शरणालय में राशन खत्म हो गया। इसके चलते बाढ़ पीड़ितों को भूखे पेट ही लौटना पड़ा। प्राथमिक विद्यालय अलादपुर भटौली में बाढ़ शरणालय बना है। यहां बाढ़ पीड़ितों के लिए रसोइया गुल्लो देवी, रामबेटी और मानसिंह भोजन बनाती हैं। बुधवार को जिलाधिकारी ने अलादपुर भटौली का जायजा लिया था।
उन्होंने सख्त निर्देश दिए थे कि बाढ़ पीड़ितों को कोई दिक्कत न हो, लेकिन शाम को ही बाढ़ शरणालय में राशन खत्म हो गया। इसके चलते शाम को वहां भोजन नहीं बना। गुरुवार को भी बाढ़ शरणालय में राशन नहीं पहुंचा। रसोइयों ने बताया कि राशन खत्म होने के चलते बुधवार शाम से खाना नहीं बना है। खाना न बनने से बाढ़ पीड़ित भूखे पेट लौट रहे हैं। इस संबंध में एडीओ पंचायत अजीत पाठक ने बताया कि सेक्रेटरी से जानकारी की जाएगी। एसडीएम ब्रजकिशोर दुबे ने बताया कि मामले को दिखाएंगे। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।