फर्रुखाबाद। शहर के मित्तूकंचा मोहल्ले में रविवार को बच्चों ने रामलीला का मंचन किया। देर शाम रावण वध के बाद विजय यात्रा निकाली गई। रावण के पुतले को आग के हवाले कर दिया गया।
मित्तूकूंचा में बच्चों ने बांस व रंगीन कागज से रावण का 15 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया। दोपहर होते ही बच्चे राम और रावण की सेनाओं की तरह अलग अलग पोशाकों में सजकर काली मंदिर के पास पहुंचे। यहां पर बच्चों ने रामलीला का मंचन शुरू कर दिया। राम के स्वरूप में गिरिराज, लक्ष्मण के स्वरूप में देव शुक्ला, सीता के स्वरूप में खुशी सारस्वत, हनुमान के स्वरूप में आदित्य मिश्रा, अंगद के स्वरूप में राजा चौहान, रावण के स्वरूप में भुवन बाजपेई और कुंभकरण के स्वरूप में पशुपति मिश्रा ने अभिनय किया।
मोहल्ले में हुए राम रावण के युद्ध को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। राम और रावण की सेनाओं में भयंकर युद्ध हुआ। रावण के वध के बाद मौजूद लोग श्री राम की जय जयकार कर उठे। इसके बाद श्रीराम लक्ष्मण की विजय यात्रा निकाली गई। देर शाम रावण के पुतले को आग के हवाले कर दिया गया। रामलीला का संचालन नवीन मिश्रा नब्बू ने किया। इस मौके पर पूरनचंद्र मिश्रा, कुक्कू चौहान, किशन सारस्वत, अंजनी शुक्ला, अमित, अंकित मिश्रा, डब्लू मिश्रा ने व्यवस्था संभाली।