फर्रुखाबाद। श्री श्याम प्रभू खाटू का चतुर्थ वार्षिकोत्सव रविवार को धूमधाम से मनाया गया। निशान यात्रा में श्रद्धालु जमकर झूमे। यात्रा समापन के बाद खाटू श्याम का अलौकिक शृंगार और अखंड ज्योति जलाई गई। छप्पन भोग लगाकर भजन संध्या का आयोजन किया गया। बाहरी प्रांतों से आए कलाकारों के भजन सुनकर श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए।
श्री श्याम कृपा मंडल की ओर से आयोजित श्री श्याम प्रभू खाटू के चतुर्थ वार्षिकोत्सव के तहत रविवार को लोहाई रोड स्थित श्री राधा श्याम शक्ति मंदिर से निशान यात्रा प्रारंभ हुई। निशान यात्रा त्रिपोलिया चौक, रेलवे रोड से होती हुई पांडेश्वरनाथ मंदिर पहुंची। पांडेश्वरनाथ मंदिर से चलकर निशान यात्रा बीएस मेंशन पहुंची। खाटू श्याम का अलौकिक शृंगार कर छप्पन भोग लगाया गया। अखंड ज्योति जलाकर भजन संध्या का कार्यक्रम हुआ।
कोलकाता से आए भजन गायक कुमार दीपक ने चंदा सा मुखड़ा घुंघराले केस गीत गाया तो श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। गोपाल अग्रवाल ने तेरे बगैर सांवरिया जिया नहीं जाए, राम पांडेय ने सांवरे दिल लगाकर देख लो और श्याम गोयनका सांवरे मेरी कलाई थाम लो एक बार आदि गीत सुनाए। भजनों को सुनकर श्रोता भावविभोर हो गए। भजन समापन के बाद महाआरती हुई और प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मोहित अग्रवाल, सुरेंद्र सफ्फड़, पंकज अग्रवाल, रामसुंदर जालान, नितिन अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, अरुण जालान, रोहित अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल, भारती सिगतिया, शांति सिगतिया, नीलम अग्रवाल और रेनू सिगतिया आदि मौजूद रहीं।