अमृतपुर के अलहादपुर भटौली में हो रहे कटान को देखता युवक।
- फोटो : अमर उजाला
गंगा और रामगंगा दोनों नदियों का जलस्तर घटने से दुश्वारियां और बढ़ गई हैं। घट रही रामगंगा ने अलादादपुर भटौली की जमीन को काटकर यहां के बाशिंदों को भूमिहीन कर दिया है।
अब गंगा नदी ने कोला सोता की तरफ कटान तेज किया है। कुड़री सारगंपुर भी रामगंगा के निशाने पर है। गंगा नदी का जल स्तर बुधवार को 20 सेंटीमीटर कम हुआ है और रामगंगा भी 15 सेंटीमीटर नीचे चली गई है।
गंगा नदी का जलस्तर बुधवार को 136.40 रिकार्ड किया गया, जबकि मंगलवार को 136.60 पर गंगा का पानी बह रहा था। गंगा नदी में नरौरा बांध से 59 हजार 98 क्यूसेक पानी और छोड़ा गया है, जिससे गंगा नदी के फिर बढ़ने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। रामगंगा का पानी भी 15 सेंटीमीटर नीचे हुआ है।
मंगलवार को 135.70 पानी रिकार्ड किया गया, जबकि बुधवार को 135.55 सेंटीमीटर पर पहुंच गया है। गंगा और रामगंगा दोनों नदियों के जलस्तर घटने से कटान तेज हो गया है, जिससे किसानों की नींद उड़ गई है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि अलादादपुर के किसान मोरपाल, अमरचंद्र, रामू, सीताराम और हरिश्चंद्र के मकानों को रामगंगा ने काटना शुरू कर दिया है।
रामवीर का मकान रामगंगा नदी में पहले ही समा चुका है। पृथ्वीराज, राजेश और मुन्नू के खेतों में कटान शुरू हो गया है।