फर्रुखाबाद। साइबर ठगों ने एक किसान से घर बैठे रुपये कमाने का झांसा देकर वेबसाइट पर टास्क पूरे करने के नाम पर 9.52 लाख रुपये की ठगी कर ली। मोबाइल चैटिंग के माध्यम से बातचीत करके पांच बार में अलग-अलग खातों में रुपये डलवाए गए।
राजेपुर थाने के गांव चाचूपुर निवासी सुमित कुमार खेती करते हैं। उन्होंने साइबर थाने में लिखाई रिपोर्ट में कहा कि उनके मोबाइल पर कई दिनों से मीनाक्षी नामक यूजर मैसेज कर रही थी। इसमें ऑनलाइन टास्क पूरा कर घर बैठे जॉब की बात कही गई। 15 मार्च को टेलीग्राम चैट की। मीनाक्षी ने ट्रेवल एजेंसी के लिए काम करने की बात कही। उन्होंने उसकी बताई वेबसाइट पर पंजीकरण कर लिया।
फीडबैक दिए, तो तीन दिन में 800, 1000, 2000 रुपये बैंक खाते में आ गए। इससे कंपनी सही होने का विश्वास हो गया। स्पेशल इवेंट में ऑफर का प्रलोभन देकर 50 हजार रुपये एक खाते में जमा कराए। टास्क करते ही जमा रुपये माइनस में चले गए। मीनाक्षी ने कहा कि माइनस हटवाने के लिए एक अन्य खाते में 50 हजार और दूसरे में 47,334 रुपये जमा करने होंगे। उन्होंने रुपये जमा किए, लेकिन रुपये फिर भी नहीं निकले। इसके बाद मीनाक्षी ने चेट पर बताया कि और भी टास्क पूरे करने होंगे। इसके बाद 2.37 लाख और 5.68 लाख रुपये जमा कराए गए। इसके बावजूद एक भी पैसा उनके खाते में ट्रांसफर नहीं हुआ।
इसके बाद जब कंपनी में बात की, तो कहा कि 50 फीसदी रुपये जमा करने होंगे, तभी आपकी जमा पूरी राशि कमीशन सहित निकाल पाएंगे। इसके बाद साइबर ठगी का अहसास हुआ। उनसे 9,52,334 रुपये की ठगी हुई है। साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह का कहना है कि साइबर अपराधी पहले पैसे का लालच देते है। ऐसे लोगों से होशियार रहें और तुरंत साइबर थाना को सूचित करें।अपनी ओटीपी या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी के साथ शेयर न करें।