फर्रुखाबाद। आबकारी टीम और कानपुर की प्रवर्तन टीम ने कच्ची शराब के कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए रविवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। कीरतपुर गांव में पुलिस ने 250 लीटर शराब बरामद की है। इसके अलावा अलग-अलग गांवों कुल 120 लीटर शराब बरामद की गई। टीम ने भारी मात्रा में लहन को नष्ट कराया।
कानपुर की प्रवर्तन टीम की इंस्पेक्टर शालिनी सिंह, नीलम गुप्ता और एसएसएफ की इंस्पेक्टर रोमा गुप्ता रविवार की दोपहर शहर के कादरीगेट चौकी पहुंचीं। यहां पर आबकारी निरीक्षक रमेश विद्यार्थी अपनी टीम के साथ चौकी पर थे। स्थानीय पुलिस के साथ टीम ने लकूला में छापा मारा। यहां पर टीम ने घरों की तलाशी ली।
यहां से आबकारी टीम ने जमीन में दबी लहन को निकाल कर उसे नष्ट कर दिया। टीम ने यहां से 50 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके बाद टीम ने रामलीला गड्डा में छापा मारा। टीम को देखकर शराब का कारोबार करने वाले लोग भाग निकले। यहां पर टीम ने 40 लीटर कच्ची शराब को बरामद कर लहन को नष्ट कर दिया।
इसके बाद टीम ने फतेहगढ़ के नेकपुर गिहार बस्ती में छापेमारी की। आबकारी टीम ने मकानों की तलाशी लेने के साथ ही जमीनों में दबी लहन को नष्ट कर दिया। प्रवर्तन टीम थाना कमालगंज के गांव कीरतपुर पहुंची। यहां पर वर्षों से कच्ची शराब का कारोबार हो रहा था। टीम के आने की भनक पर कारोबार करने वाले शराब छोड़कर भाग गए।
यहां पर मक्का के खेत में ड्रमों में शराब भरी हुई थी। आबकारी ने यहां से 250 लीटर कच्ची शराब को बरामद कर लिया। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि इस छापेमारी में एक व्यक्ति शराब पीने के लिए नेकपुर पहुंचा था। उसे पकड़ लिया गया। बुजुर्ग होने के कारण उसे जमानत दे दी।
उन्होंने बताया कि कीरतपुर में शराब की बिक्री होने की सूचना मिली थी। इसी पर छापा मारा गया लेकिन कारोबार करने वाले भाग गए। उनकी जानकारी की जा रही है। उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। यहां पर वर्षों से छापा नहीं पड़ा था।
उधर, कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने शहर के मोहल्ला स्माइलगंज सानी निवासी सचिन को 20 लीटर कच्ची शराब में बंदी बनाया। उधर, थाना शमसाबाद के गांव बनियापुर निवासी परसादी, सुखदेव को गांव के पास से पांच-पांच लीटर कच्ची शराब समेत पकड़ लिया।