हरदोई। कोहरे के दौरान बिना रुकावट संचालन के लिए रेलवे हर साल योजना तैयार करता है। इसमें पिछले साल आई रुकवटों की समीक्षा की जाती है और आने वाले मौसम के लिए संभावित स्थितियों का आकलन होता है। इसके बाद भी सारे फाॅग प्लान फेल होते जा रहे हैं। अप और डाउन दिशा की डेढ़ दर्जन से अधिक ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं जबकि कई ट्रेनें निरस्त हैं।
कोहरे से निपटने के प्लान में अग्रिम टिकट बुकिंग को रोकने और अंतिम समय में ट्रेन निरस्त होने पर होने वाली असुविधा से बचाने के बिंदुओं काे शामिल किया जाता है। साथ ही सिंगल रेक ट्रेनों को दो या तीन महीने पहले रद्द कर दिया जाता है। इसके अलावा सिग्नल प्रणाली काे ऑटोमैटिक करने के साथ फॉग सेफ डिवाइस भी लगाए गए हैं।
इन सबके बावजूद ट्रेनों का संचालन पटरी पर नहीं है। कोहरे और धुंध ने असर दिखाना शुरू किया है और स्थिति यह है कि हरदोई रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली अप और डाउन की 19 ट्रेनें घंटों देरी से चल रहीं हैं। यात्रियों को सफर पूरा करने के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा है। लंबी दूरी के यात्रियों को अतिरिक्त चार से पांच घंटे ट्रेन में बिताने पड़ रहे हैं। कोहरे के आगे पूरा रेलवे सिस्टम बेबस नजर आ रहा है। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि कोहरे की स्थिति के दौरान पालन करने के लिए एक प्रोटोकॉल है। सर्दियों के मौसम में ट्रैक गश्त बढ़ाई गई है और यात्री सुविधाओं की जांच के बाद ही ट्रेनों को बढ़ाया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को यह ट्रेनें हुईं लेट
लखनऊ की ओर जाने वाली डाउन दिशा की ट्रेनों में ट्रेन 12230 लखनऊ मेल 02:56 मिनट, 13010 दून एक्सप्रेस 03:13 मिनट, 12232 चंडीगढ़ लखनऊ एक्सप्रेस 05.20 मिनट, 13308 किसान एक्सप्रेस 03:00 घंटे, 13006 पंजाब मेल 03:00 घंटे, 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस 01:00 घंटे, 15652 लोहित एक्सप्रेस 01:10 मिनट, 13152 सियालदह एक्सप्रेस 02:50 मिनट, 15910 अवध आसाम एक्सप्रेस 02:00 घंटे, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 01:00 घंटे, 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस 01:00 घंटे और 15012 चंडीगढ़ लखनऊ एक्सप्रेस 03:00 घंटे की देरी से संचालित हो सकी। बरेली की ओर अप रूट पर 22355 चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस 03:25 मिनट, 14307 बरेली एक्सप्रेस 02:00 घंटे, 14235 बनारस बरेली एक्सप्रेस 03:00 घंटे, 13151 सियालदह एक्सप्रेस 02:36 मिनट, 13307 किसान एक्सप्रेस 01:00 घंटे, 13005 पंजाब मेल 04:00 घंटे और 14007 सद्भावना एक्सप्रेस 03:00 घंटे की देरी से चली।