प्रधानाचार्य सुमन त्रिपाठी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। मदन मोहन कनौडिया बालिका इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद का चयन राष्ट्रीय पर्यावरण मित्र पुरस्कार 2021 के लिए हुआ है। प्रधानाचार्य व शिक्षिका के निर्देशन में जैव विविधता एवं हरियाली, जल एवं स्वच्छता व कचरा प्रबंधन पर प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर भेजी थी। प्रदेश स्तर पर कॉलेज का चयन होने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर भी चयन हो गया है। इससे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर तक रोशन हुआ है।
भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय पर्यावरण शिक्षण केंद्र(सीईई) और आर्सेलर मित्तल के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण कार्यक्रम हुआ था। इसमें प्रदेश के कई जिलों के कॉलेजों के शिक्षक व छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें मदन मोहन कनौडिया बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सुमन त्रिपाठी के निर्देश पर कॉलेज की शिक्षिका एनआईसी प्रभारी अनुराग जैन की पत्नी पारुल जैन व छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इको क्लब प्रभारी पारुल जैन के मार्गदर्शन में जैव विविधता एवं हरियाली, जल एवं स्वच्छता तथा कचरा प्रबंधन थीम पर छात्राओं ने जनवरी 2021 में एक माह तक इन तीनों थीम पर प्रयोगात्मक कार्य कर एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की। जिसे वीडियो और फोटो समेत सीईई के पर्यावरण मित्र पोर्टल पर अपलोड किया था। फरवरी 2021 में प्रदेश स्तर पर कॉलेज का चयन हुआ। इसके बाद वही प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रदेश से राष्ट्रीय स्तर पर भेजी गई।
कनौडिया बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सुमन त्रिपाठी ने बताया कि कॉलेज का चयन पर्यावरण मित्र पुरस्कार के लिए हुआ है। 2010 में यह पुरस्कार शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य स्कूलों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा हैंडप्रिंट गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। शिक्षिका पारुल जैन ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर कुल 12 कॉलेजों का चयन हुआ है। यह परिणाम इसी माह घोषित हुआ है। चयनित कॉलेजों में से तीन उत्तर प्रदेश के हैं। इसमें एक फर्रुखाबाद का मदन मोहन कनौडिया बालिका इंटर कॉलेज है। इससे कॉलेज के समस्त स्टाफ व विद्यार्थियों में खुशी की लहर है।
शिक्षिका पारुल जैन। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD