हाथरस की बिटिया को न्याय दिलाने को जुलूस
फर्रुखाबाद। हाथरस की बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए जनपद में शनिवार को भी लोगों ने प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन दिए। शहर के टाउन हाल पर अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के लोग एकत्र हुए। सभी ने काली पट्टी बांधकर जिलाध्यक्ष विनोद वाल्मीकि के नेतृत्व में लालगेट तक नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला।
शमसाबाद नगर पंचायत में सुबह वाल्मीकि के समाज के लोग एकत्र हुए और धरना देकर बैठ गए। इसकी जानकारी पर ईओ आशीष कुमार वहां पहुंच गए। उन्होंने लोगों को नगर पंचायत कार्यालय परिसर से बाहर धरना प्रदर्शन करने को कहा। इससे लोग गुस्सा गए और नगर पंचायत के गेट पर नारेबाजी करने लगे। जानकारी पर पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता पहुंच गए।
उन्होंने लोगों को शांत किया और कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करने को कहा। इसके बाद सभी कार्यालय के बाहर निकल आए और दोपहर 12 बजे तक प्रदर्शन किया। उधर मोहम्मदाबाद नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत कार्यालय से हाथों में तख्ती, फावड़ा, झाड़ूू लेकर बेवर रोड व संकिसा रोड पर पैदल मार्च किया।
सभी सफाई कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि बेटी को न्याय दो। न्याय न मिलने तक नगर पंचायत के सभी सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। सफाई कर्मचारी सुशीला देवी, चंदन धर्मेंद्र, इंद्रपाल, भल्ला बाबू, सुरेश पाल मौजूद रहे।
कैंडल मार्च निकाल मांगा न्याय
कायमगंज। कायमगंज में शुक्रवार देर रात शिव सेना व अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। यह कैंडल मार्च गल्ला मंडी से शुरू होकर ट्रांसपोर्ट चौराहे पर समाप्त हुआ। शिव सेना व अपना दल (एस) के कार्यकर्ता हाथ में जलती हुई मोमबत्ती व स्लोगन लिखी पट्टिकाएं लिए थे। सभी लोग जटवारा रोड से होते हुए ट्रांसपोर्ट चौराहे पर अशोक स्तंभ पर पहुंचे।
वहां पर चबूतरे पर जलती हुई मोमबत्तियां लगा दीं। शिव सेना नगर प्रमुख मंसाराम गुप्ता, सुधांशू पांडेय, अपना दल युवा मंच के जिलाध्यक्ष अजीत पटेल, मयंक पटेल, मधु गंगवार, मंजीत पटेल, सुरवीर गंगवार, हेमंत पटेल, आशीष गंगवार, अमन गंगवार, हिमांशु गंगवार, देवेश पटेल, रजत कुमार आदि मौजूद रहे।
हाथरस की घटना में आरोपियों को मिले सजा
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के मोहल्ला नवदिया स्थित वाल्मीकि मंदिर में शनिवार को सफाई मजदूर संघ ने बैठक कर हाथरस में हुई घटना को लेकर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वाल्मीकि, श्याम वाल्मीकि, दिनेश वाल्मीकि, अमित, विनय अनुरागी, रामबेटी आदि ने हाथरस में वाल्मीकि समाज की बेटी से हुए अत्याचार में सरकार से न्याय देने की मांग की। आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।