कमालगंज। आनलाइन भुगतान के लिए प्रधानों को दिए गए डिजिटल हस्ताक्षर वाले कुछ डोंगल में गड़बड़ी आ गई। इसके चलते पंचायतीराज विभाग ने गड़बड़ी वाले डोंगल प्रधानों से वापस ले लिए हैं। इसके चलते इन ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही।
ग्राम पंचायत उगरापुर में आनलाइन भुगतान के लिए डोंगल लगाया तो इस ग्राम पंचायत के बजाय दूसरी ग्राम पंचायत के खाते से धनराशि निकल गई। इसी तरह अभी तक बहोरिकपुर ग्राम पंचायत का डोंगल भी काम नहीं कर पा रहा। उस्मानगंज में कई दिन पूर्व फीड की गई कार्य योजना साफ्टवेयर में नहीं दिख रही है। फतेहउल्लापुर में भी समस्या आ रही है। उगरापुर के प्रधान रवि का कहना है कि डोंगल में गड़बड़ी होने पर डीपीआरओ कार्यालय में डोंगल जमा कर दिया है।
बहोरिकपुर की पंचायत सेक्रेटरी विजेता ने बताया कि डोंगल में तकनीकी समस्या आ रही है। दो-एक दिन में तकनीकी खामी दूर कर ली जाएगी। फतेहउल्लापुर के सेक्रेटरी आदित्य वर्मा ने बताया कि जिन ग्राम पंचायत में अनुपूरक कार्ययोजना पहले लग चुकी, वहां फिर से अनुपूरक कार्य योजना नहीं लग रही। कंझाना के प्रधान का डोंगल लगाए जाने पर रतनपुर के प्रधान शिवमंगल सिंह के हस्ताक्षर निकलते थे। अब कंझाना के प्रधान को दूसरा डोंगल दिया गया है। एडीओ पंचायत सुरेश पाल का कहना है कि दो-एक ग्राम पंचायत को छोड़कर सभी में डोंगल व्यवस्था ठीक से चालू हो गई है। ऊगरापुर व बहोरिकपुर की तकनीकी कमी जल्दी ही दूर हो जाएगी।