प्रधानाध्यापिका के पति के कपड़े न धोने पर छात्र को पति ने मारपीट कर घायल कर दिया। छात्र की मां ने जब विरोध किया तो उसे भी भला-बुरा कहकर भगा दिया।
जूनियर माध्यमिक विद्यालय बिलहा में प्रधानाध्यापिका राजरानी तैनात हैं। प्रधानाध्यापिका को प्रतिदिन विद्यालय छोड़ने पति किशनपाल सिंह उर्फ बाबा आते हैं, जो पूरे समय विद्यालय में रुकते हैं और शिक्षिका को घर लेकर जाते हैं। शुक्रवार को किशनपाल प्रधानाध्यापिका पत्नी राजरानी को छोड़ने विद्यालय आए थे। दोपहर 12 बजे किशनपाल ने कक्षा आठ के छात्र मोहित से अपने कपड़े धोने के लिए कहा। छात्र ने कपड़े धोने से इनकार कर दिया। इससे गुस्साए किशनपाल ने छात्र को पीटा।
शिक्षक ब्रजमोहन ने जब विरोध किया तो उन्हें भी हड़का दिया। बच्चे ने घर जाकर मां रीना देवी को घटना की जानकारी दी। मां ने स्कूल पहुंचकर शिक्षिका से शिकायत की तो वहां उपस्थित किशनपाल ने उसे स्कूल से भगा दिया। गांव वालों ने प्रधानाध्यापिका के पति के कृत्य पर विरोध जताया है शनिवार को छात्र के पिता श्रीकृष्ण ने पुलिस को तहरीर देकर किशनपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बोले जिम्मेदार
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी संदीप चौधरी ने कहा कि कपड़े न धोने पर स्कूल में छात्र को पीटे जाने का मामला गंभीर है। इसकी जांच की जाएगी। इसकी शिकायत मिलने पर हेड टीचर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।