कसबे के एक इंटरकालेज में छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद मौके पर पहुंचे प्रधानाचार्य ने कक्षा 11 के दो छात्रों को डांट दिया। इससे नाराज उनमें से एक छात्र ने ईंट मारकर प्रिंसिपल का सिर फोड़ दिया।
कंपिल थाने के गांव राईपुर चिंघटपुर निवासी एक बालक कायमगंज रोड कंपिल में बने केएसआर इंटरकालेज में कक्षा छह में पढ़ता है। वह गुरुवार को वार्षिक परीक्षा का पेपर देने गया था। पेपर स्टार्ट होने से पहले सुबह वह गेंद खेलने लगा। तभी उसकी गेंद मोहल्ला पट्टी मदारी कंपिल निवासी कक्षा 11 के छात्र को लग गई।
इस पर उसने उसके गाल पर थप्पड़ मार दिया। बालक प्रधानाचार्य मनोज कुमार के पास शिकायत लेकर पहुंचा। इस पर प्रधानाचार्य मौके पर पहुंचे और दोनों छात्रों को डांटने लगे। इस बीच विवेक ने ईंट उठाकर प्रधानाचार्य के सिर में दे मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
इसके बाद दोनों छात्र कालेज की दीवार फांदकर भाग गए। शोर सुनकर कालेज स्टाफ ने घायल प्रिंसिपल को निजी नर्सिंग होम में ले जाकर उपचार कराया। प्रधानाचार्य ने बताया कि दोनों छात्रों के नाम कालेज से काट दिए हैं। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कंपिल थाने में तहरीर दी है। उधर थानाध्यक्ष मुकेश यादव का कहना है कि अभी तक मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।