प्राइमरी की शिक्षिका ने दुपट्टे से लगाई फांसी
जहानगंज(फर्रुखाबाद)। प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका ने किराए के कमरे में सोमवार रात दुपट्टे से फांसी लगा ली। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अन्य शिक्षकों की मौजूदगी में शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद कानपुर देहात थाना रसूलाबाद के गांव अंगदपुर निवासी राजेश यादव की पुत्री आरती यादव (26) कमालगंज ब्लाक के गांव झसी के प्राइमरी स्कूल में सहायक अध्यापिका थी। वह दो वर्ष से जहानगंज निवासी कल्लू कटियार के मकान में किराए पर रह रही थी। सोमवार को पिता राजेश आरती की शादी के लिए लड़के वालों के साथ उसके स्कूल में पहुंचे।
वहां कुछ देर रुकने के बाद अपने ही वाहन से आरती को उसके कमरे में छोड़कर घर चले गए थे। सोमवार रात किसी समय आरती ने दुपट्टे से कमरे की छत में लगे कुंडे से फांसी लगा ली। मंगलवार सुबह काफी देर तक वह कमरे से नहीं निकली तो मकान मालिक के पुत्र ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुला तो उसने खिड़की से झांककर देखा। वहां आरती फंदे पर लटकी थी।
कल्लू कटियार ने घटना की जानकारी पुलिस व उसके पिता को दी। एसओ दिनेश गौतम मौके पर पहुंचे। झसी स्कूल की अन्य शिक्षक भी पहुंच गए। उनकी मौजूदगी में शव फंदे से उतारा गया। पिता ने बताया कि पुत्री के विवाह के लिए सोमवार को लड़के वालों के साथ आए थे।
इसके बाद बेटी ने क्यों आत्महत्या कर ली। इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। पोस्टमार्टम में शिक्षिका की मौत फांसी लगने से दम घुटने के कारण होना बताई गई। थानाध्यक्ष दिनेश गौतम ने बताया कि पिता ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। यदि कोई तहरीर देंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।