कायमगंज के मोहल्ला छपट्टी पर घर पर नमाज अदा करते बच्चे।
- फोटो : FARRUKHABAD
घरों में हुई अलविदा की नमाज, मस्जिदों में सन्नाटा
फर्रुखाबाद। पवित्र माह रमजान के अलविदा की नमाज पूरी शिद्दत के साथ मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने घरों में अदा की। इस दौरान मस्जिदों में सन्नाटा रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर शहर भर में जायजा लिया। नमाजियों ने अल्लाह से कोरोना बीमारी को शीघ्र खत्म करने की दुआ की।
शुक्रवार को दोपहर में अलविदा की नमाज घरों में अदा की गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने परिवार के साथ अल्लाह से दुआ की कि ईद का त्योहार शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाए। मुस्लिम समाज के सभी धर्मगुरुओं ने पहले ही घरों में नमाज अदा करने के लिए कह दिया था।
नमाज के वक्त एसपी डॉ. अनिल मिश्रा, एएसपी त्रिभुवन सिंह, एडीएम विवेक श्रीवास्तव व सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने जामा मस्जिद, तहसील तिराहा, बीबीगंज आदि क्षेत्रों में जायजा लिया। उन्होंने सभी से भाईचारे के साथ ईद का त्योहार मनाने को कहा।
कायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार जामा मस्जिद, जटवारा मस्जिद में इमाम ने सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए चंद लोगों के साथ ही अलविदा जुमे की नमाज अदा कराई। अधिकांश लोगों ने अपने अपने घरों में ही अलविदा जुमे की नमाज अदा की। मोहल्ला छपट्टी में हाफिज चंदा के घर परिवार के सभी बच्चों ने नमाज अदा की।