शमशाबाद। लाइन में फाल्ट आने से बृहस्पतिवार रात दो उपकेंद्र ठप हो गए। इनसे जुड़े 160 गांवों की बिजली गुल हो गई। सुबह बिजली न मिलने से लोगों को घरों में पानी के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार दोपहर बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
उपकेंद्र हजियापुर व हुसैनपुर तराई एक ही 33केवी लाइन से जुड़े हैं। रात करीब दो बजे 33केवी लाइन में फाल्ट आने से दोनों उपकेंद्र ठप हो गए। हजियापुर उपकेंद्र से जुड़े करीब 70 गांव व हुसैनपुर उपकेंद्र से जुड़े 90 गांवों की बिजली गुल रही। हुसैनपुर क्षेत्र के करीब 20 गांवों की बिजली बाढ़ के चलते पहले से ही बंद है।
शुक्रवार सुबह बिजली कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग शुरू की। गांव चिलसरा के निकट जखैया मंदिर के पास 33केवी लाइन में चील पक्षी चिपक जाने से फाल्ट हो गया और जंफर उड़ गया था। कर्मचारियों ने फाल्ट ठीक कर दोपहर करीब 12:30 बजे तक दोनों उपकेंद्र चालू किए। इससे पहले हुसैनपुर तराई उपकेंद्र के संतोषपुर फीडर की आउटगोइंग वीसीबी बिजली गिरने से फुंक गई थी। अवर अभियंता जुनेद आलम ने बताया कि फाल्ट ठीक कराने के बाद दोनों उपकेंद्र चालू कर क्षेत्र की बिजली बहाल कर दी गई।