विद्युत उपकेंद्र ओवरलोड, फतेहगढ़ में बिजली संकट
फर्रुखाबाद। शासन से भले ही शहरी उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति देने के आदेश हैं, लेकिन जिम्मेदारों के खेल में व्यवस्थाएं ध्वस्त होती जा रही हैं। डिवीजन कार्यालय परिसर में नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र पहली गर्मी में ही दगा दे गया। उसका भार बढ़ने से बेवर रोड भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र ओवरलोड हो गया है। इससे भीषण गर्मी में बिजली संकट से फतेहगढ़ के उपभोक्ता बिलबिला रहे हैं।
शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश हैं। गर्मी बढ़ने के साथ फीडरों पर लोकल फाल्ट बढ़ रहे हैं। फतेहगढ़ में इन दिनों स्थिति बेहद खराब है। यहां डिवीजन कार्यालय में नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र 23 मई से ठप है। विभाग के बड़े अधिकारियों के करीबी होने से कार्यदायी संस्था उपकेंद्र चालू करने का प्रयास नहीं कर रही।
33 केवी लाइन ध्वस्त होने से उपकेंद्र ठप पड़ा है। इससे बेवर रोड भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र पर इस उपकेंद्र का भी लोड बढ़ गया है। यहां लगे 10 एमवीए ट्रांसफार्मर की 500 एंपियर क्षमता है, जबकि लोड 600 एंपियर है। इससे फीडरों को काट-काटकर चलाया जा रहा। इससे बेवर रोड फीडर, कोल्ड फीडर और फतेहगढ़ फीडर चालू होने पर एकदम लोड पड़ने से लोकल फाल्ट होकर तार टूट रहे हैं।
तार जोड़ने के दौरान घंटों फीडर बंद रहते हैं। वहीं दूसरे 8 एमवीए ट्रांसफार्मर से मिल्क डेयरी व डिवीजन फीडर चलाए जा रहे हैं। इससे ट्रांसफार्मर पर पूरी क्षमता का लोड है। फतेहगढ़ में 24 घंटे के सापेक्ष 14 घंटे भी बिजली न मिल पाने से उपभोक्ता भीषण गर्मी में पसीना छोड़ने को मजबूर हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
अधिशासी अभियंता आरबी सिंह ने बताया कि डिवीजन कार्यालय परिसर स्थित विद्युत उपकेंद्र 23 मई से बंद होने की सूचना वह वरिष्ठ अधिकारियों को आगरा तक भेज चुके हैं। उपकेंद्र अभी गारंटी अवधि में होने के बावजूद कार्यदायी संस्था काम नहीं करवा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संज्ञान न लिए जाने से कार्यदायी संस्था सुनवाई नहीं कर रही है। इससे बेवर रोड उपकेंद्र ओवरलोड होने से दिक्कत आ रही है। वह इस संबंध में कई बार पत्राचार कर चुके हैैं।