लिपिकों के न आने से एआरटीओ कार्यालय में काम ठप
फर्रुखाबाद। एआरटीओ कार्यालय में दो लिपिकों के अवकाश पर होने से लाइसेंस के पटल को छोड़कर सभी पटलों पर सोमवार को काम बंद रहा। फिटनेस को लेकर निर्धारित तारीख पर लोग अपने वाहन लेकर पहुंचे, लेकिन उनको फिटनेस के प्रमाण पत्र नहीं मिल सके। ऐसे में उन वाहन मालिकों को फिर से फीस जमा करनी होगी।
एआरटीओ कार्यायल में आरआई जीवन कुमार कार्यालय पहुंचे। लिपिक हंसराज व संविदाकर्मी भी पहुंच गए। लिपिक राजेंद्र व भीम बाबू अवकाश पर थे। इसके चलते वाहनों के पंजीयन, स्थानांतरण, फिटनेस सहित सभी काम बंद रहे। लॉकडाउन से पहले जिनकी फीस जमा थी और वाहन स्वामी अपनी फोटो नहीं खिंचवा सके थे।
उनकी फोटो खींचकर लाइसेंस की कार्रवाई की जा रही है। आरआई ने फिटनेस के लिए वाहनों का भौतिक सत्यापन किया। लेकिन फाइलों में लिपिकों की रिपोर्ट न लगने से कई वाहन स्वामी बैरंग लौट गए। शाम को आरआई जीवन कुमार ने लिपिक हंसराज के कोड से आठ वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र बनवा दिए। उन्होंने बताया कि लिपिकों के न आने से काम प्रभावित हुआ है। मंगलवार से काम विधिवत शुुरू हो जाएगा।
नए लाइसेंस के लिए नहीं आई गाइडलाइन
एआरटीओ कार्यालय में नए लाइसेंस के लिए शासन से कोई गाइडलाइन नहीं आई है। इससे सोमवार को बड़ी संख्या में लाइसेंस बनवाने के लिए आए लोग वापस चले गए। आरआई जीवन कुमार ने बताया कि नई गाइडलाइन आने के बाद ही नए लाइसेंस बनने शुरू होंगे।