बिजली के पोल से चिपक कर बैल की मौत होने से आक्रोशित व्यापारियों और
मोहल्ले वालों ने जाम लगा दिया। नारेबाजी करते हुए बिजली विभाग के अफसरों
का पुतला फूंका।थाना मऊदरवाजा इलाके के गांव माधौपुर निवासी कैलाश यादव
मंगलवार की सुबह बैलगाड़ी से भूसा लेकर बेचने जा रहे थे। मनिहारी मोड़ पर
अंगूरीबाग मोहल्ले में विद्यानंद आर्य के मकान के पास
सड़क किनारे खड़े
बिजली के पोल में आ रहे करंट की चपेट में आकर बैल मर गया। ये देख कैलाश
यादव बैलगाड़ी से कूद गए। इस बीच यहां व्यापारी नेता राकेशचंद्र सक्सेना,
डा. दिनेश अग्निहोत्री, महेंद्र श्रीवास्तव, ओमप्रकाश, दीपक, अश्वनी कुमार,
गोपाल सक्सेना, पप्पू, कल्लू सिंह, मनोज कुमार, गुड्डू सहित बड़ी संख्या
में लोग जमा हो गए। इन लोगों ने मौके पर ही जाम लगा
दिया। यह बिजली विभाग
के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
तब तक मोहल्ले वालों ने बिजली विभाग के अफसरों का पुतला फूंक दिया। पुलिस
के समझाने के बाद जाम खोला। मोहल्ले वालों का कहना था
कि पोल में काफी समय
से करंट आ रहा है। इसकी शिकायत जेई से की जा चुकी है। इसके बाद भी ध्यान
नहीं दिया गया। इससे यह हादसा हो गया। मोहल्ले वालों का कहना था कि बरसात
होने के कारण इलाके के कई बिजली पोलों में करंट आने लगता है। अफसरों ने इस
ओर ध्यान नहीं दिया तो आगे भी घटनाएं होती रहेंगी।