फर्रुखाबाद। पांचाल घाट पर लगने वाले मेला श्री रामनगरिया में तैयारियां अधूरी हैं। मेला का उद्घाटन 23 जनवरी को होना है। अभी तक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था नहीं हो पाई है।
बुधवार को शाहजहांपुर जिले के कांठ से पांचाल घाट पर कल्पवास करने आए सदानंद अग्निहोत्री और अरुणेश शुक्ला के ट्रैक्टर रास्ते में फंस गए। किराए के ट्रैक्टर से इन्हें निकाला गया। फिरोजाबाद से दुकान लगाने आए दुकानदारों ने 400 रुपये घंटे देकर ट्रैक्टर से जमीन समतल कराई।
मेले का जायजा लेने पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट रामबहादुर सिंह ने मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित को दिशा निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने मेले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अधिक से अधिक हैंडपंप लगवाने को कहा। मेला व्यवस्थापक ने बताया कि सर्दी से निजात के लिए बाजार के मार्गों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, बिजली ठेकेदार सुरेश चंद्र ने बताया कि बिजली के लिए बांस बल्ली के ठेकेदार से 450 बल्लियों की डिमांड की थी। अभी तक उन्हें 250 बल्लियां ही मिल पाई हैं। तार खींचने में दिक्कत हो रही है। बैरीकेडिंग ठेकेदार रमेश ने बताया कि बिजली ठेकेकदार को गुरुवार सुबह तक 100 बल्लियां मुहैया करवा दी जाएंगी।
मेले में नहीं बने शौचालय
मेले में शौचालय न बनने से कल्पवासियों ने मेला क्षेत्र में ही शौचालय बनाने शुरू कर दिए हैं। इससे मेले में गंदगी बढ़ने पर बीमारियां फैलने की आशंकाएं बढ़ गई हैं। मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित ने बताया कि मेले में कल्पवास करने आए लोगों के लिए पूर्व और पश्चिम दिशा में 50-50 शौचालय बनवाने की व्यवस्था की गई है। ठेकेदार को गुरुवार को शौचालय बनवाने के निर्देश दे दिए गए हैं।