फर्रुखाबाद। सीएचसी बरौन के टीकाकरण बूथ खानपुर में सोमवार को जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बच्चे को पोलियो ड्राप पिलाकर मिशन इंद्रधनुष का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों व गर्भवती महिलाओं को सभी टीके लगवाने की अपील की।
जनपद में मिशन इंद्रधनुष अभियान के तहत टीकाकरण के छूटे 19,018 बच्चों व 6276 गर्भवती महिलाओं को टीका लगाने का लक्ष्य है। अभियान की शुरुआत करते हुए डीएम ने सात माह के बच्चे यश को पोलियो की खुराक
पिलाई। डीएम ने बताया कि टीका लगने के बाद बच्चे व गर्भवती कई बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं। इसलिए सभी को समय से टीका लग जाना चाहिए।
उन्होंने ग्राम प्रधान, सभासद, धर्मगुरु, समाज सेवियों से सहयोग की अपील की। सीएमओ डॉ.सतीश चंद्रा ने बताया कि सभी ब्लाक में अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रभात वर्मा ने बताया कि
टीकाकरण से बच्चों को 12 प्रकार की बीमारियों से बचाया जा सकता है। सीएचसी प्रभारी डॉ.लोकेश शर्मा, मानव शर्मा, राजीव चौहान, विनीता, हुमा, प्रधान कुमुद शुक्ला आदि रहे।