कायमगंज अचरा रोड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट में काम करते मजदूर।
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। अचरा रोड पर लुधैया विद्युत उपकेंद्र के पास लाखों की लागत से बनाए जा रहे नगर पालिका के कूड़ा निस्तारण प्लांट का निर्माण कार्य पुलिस ने रुकवा दिया है। एक ग्रामीण ने कमिश्नर कोर्ट के स्थगनादेश को आईजीआरएस पर भेजकर कार्रवाई की मांग की थी।
नगर के कूड़े को निस्तारण के लिए पालिका द्वारा लुधैया विद्युत उपकेंद्र के पास कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाया जा रहा है। इसमें 77 लाख से अंदर का निर्माण कार्य होना है। जिला प्रशासन ने करीब 9 बीघा भूमि पालिका को आवंटित की थी। यह भूमि गांव लुधैया निवासी राधेश्याम के नाम 1969 में आवंटित हुई थी। 2006 में उनका पट्टा निरस्त हो गया।
पिछले वर्ष इस भूमि को पालिका को आवंटित कर दिया गया था। पालिका का कूड़ा निस्तारण प्लांट बनाने का काम चल रहा था। इसमें बाउंड्रीवाल हो चुकी है। अंदर प्लांट का काम चल रहा है। 20 फरवरी को राधेश्याम कमिश्नर कोर्ट से स्टे ले आए। सरकारी काम की वजह से पुलिस ने कुछ ढीला रुख अपनाया।
शुक्रवार को राधेश्याम ने काम रुकवाने के लिए आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज की। इस पर शनिवार को इंस्पेक्टर विनय राय ने फोर्स के साथ मौके पर जाकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने बताया फिलहाल निर्माण रोक दिया गया है।
इस मामले में सीओ के माध्यम से एसडीएम से गाइड लाइन मांगी गई है। ईओ नगरपालिका सीमा तोमर ने बताया कि पालिका को डीएम ने भूमि आवंटित की थी। सरकारी काम है, आगे उच्चाधिकारियों का जो निर्देश होगा वैसा किया जाएगा।