संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव तुर्क ललैया में घरेलू विवाद के बाद एक महिला रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाकर सुरक्षित ट्रैक से हटाया। बाद में उसे कोतवाली लाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया।
गांव निवासी दीपिका शाक्य (32) ने पुलिस को बताया कि वह घर पर सब्जी बना रही थी। इसी दौरान सास ने सब्जी में तेल कम डालने की बात कही। इस पर उसने तेल कम डाला। आरोप है कि जब उसका पति प्रदीप कुमार खाना खाने बैठा तो सब्जी में तेल कम होने पर नाराज हो गया और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में महिला को चोटें आईं। महिला घर से निकलकर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक पर जाकर बैठ गई और आत्महत्या की बात कहने लगी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद में मारपीट हुई है। महिला पति के खिलाफ तहरीर देने की बात कह रही है। प्रभारी निरीक्षक एमएम चतुर्वेदी ने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दोनों पक्षों को समझाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।