फोटो-17 थाना राजेपुर में कंडक्टर से जानकारी करते हरदोई के एआरएम भुवनेश्वर कुमार व फर्रुखाबाद डि
राजेपुर। दिल्ली जा रही हरदोई डिपो की बस में रखे पार्सल से एक रिवाल्वर व तीन तमंचे मिलने के मामले में पुलिस को हरदोई के हिस्ट्रीशीटर व पार्सल रखने वाले मूंगफली विक्रेता की तलाश है। पुलिस की दो टीमों ने हरदोई में छापेमारी की, मगर हाथ खाली रहे। देर रात तक दोनों चालक व परिचालक थाने में ही बंद रहे। हरदोई और फर्रुखाबाद के एआरएम ने पूछताछ कर सच जानने का प्रयास किया।
हरदोई से सवारियां लेकर फर्रुखाबाद होकर दिल्ली जा रही रोडवेज बस में बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने एक पार्सल बरामद किया था। उसमें एक रिवाल्वर और तीन तमंचे बरामद हुए थे। पुलिस ने बस के दोनों चालकों और परिचालक को हिरासत में ले लिया। थाना पुलिस और एसओजी ने कई दौर की पूछताछ की, मगर सच निकालने में नाकाम रहे।
हरदोई के एआरएम भुवनेश्वर कुमार और फर्रुखाबाद के एआरएम राजेश कुमार थाने पहुंचे। उन्होंने परिचालक से बातचीत की। पुलिस कर्मियों से मिलकर दोनों अधिकारी चले गए। पुलिस की दो टीमें हरदोई के लिए रवाना हुईं। पुलिस की जांच में पता चला कि हुल्लापुर चौराहे पर एक मूंगफली विक्रेता के पास पार्सल रखा था। यह पार्सल उसे पाली के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने दिया था। ऐसे में पुलिस की दो टीमें देर रात तक हिस्ट्रीशीटर और मूंगफली विक्रेता की तलाश में जुटी रहीं। हालांकि सफलता हाथ नहीं लगी। खबर लिखने तक दोनों चालक और परिचालक पुलिस हिरासत में थाने में बैठे हैं।
बस के स्टाफ का नहीं दोष, उच्चाधिकारियों को बताया
इंस्पेक्टर सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि अभी तक की जांच में बस के चालक और परिचालक की संलिप्तता प्रतीत नहीं हो रही है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को बता दिया गया है। बस में पार्सल रखने वाले मूंगफली विक्रेता की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही मामले की तह तक पहुंच जाएंगे।