जहानगंज के गांव नगला पाल में सिपाही से हाथापाई करता युवक।
- फोटो : FARRUKHABAD
दहेज उत्पीड़न की शिकायत पर पहुंची पुलिस से हाथापाई
जहानगंज। बहन के साथ ससुराल मेें मारपीट होने पर पुलिस के साथ पहुंचे भाई व परिजनों पर हमला कर दिया गया। सिपाही व पीआरडी जवान के साथ हाथापाई की गई। बचने के लिए भाई व उसके परिवार के लोगों ने कमरा बंद कर लिया। इस पर बहनोई व उसके घर के लोगों ने खिड़कियों पर पथराव कर दिया। सिपाही की सूचना पर फोर्स पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने परिवार के युवक को हिरासत में ले लिया। भाई ने चार लोगों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला पाल निवासी अनिल पाल दहेज को लेकर पत्नी ममता को पीटता है। दो दिन पहले उसने मारपीट कर ममता का हाथ तोड़ दिया था। इसकी शिकायत पर मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव नगला नारायण निवासी भाई सुरेंद्र परिजनों के साथ शनिवार को थाने में पहुंचा। उसने बहन के उत्पीड़न की शिकायत की। इस पर थाने से चीता मोबाइल के सिपाही पंकज गूजर व पीआरडी जवान को सुरेंद्र के साथ अनिल के घर भेजा गया। सुरेंद्र के पहुंचते ही बहनोई व उसके परिजनों ने मारपीट शुरू कर दी।
सिपाही पंकज ने बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ हाथापाई कर दी। सुरेंद्र व उसके परिजनों ने कमरा बंद कर लिया तो हमलावरों ने खिड़कियों पर पथराव कर दिया। सिपाही ने थाने फोन किया तो दरोगा दलवीर फोर्स लेकर गांव पहुंचे। इस पर हमलावर भाग भाग गए।
पुलिस ने परिवार के ही कुंवरपाल को पकड़ लिया। सुरेंद्र ने अनिल, प्रवेश, अनुज समेत चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ अंकुश राघव ने बताया कि सिपाही से हाथापाई की बात सही नहीं है। अनिल व उसके घर के लोगों ने सुरेंद्र से मारपीट व पथराव किया था। मुकदमा दर्ज कर ममता का मेडिकल कराया गया है।