पुलिस ने भट्ठा मालिक के पार्टनरों से की पूछताछ
शमसाबाद। भट्ठा मालिक की हत्या के मामले में पुलिस ने चारों पार्टनरों से पूछताछ की। इसके अलावा मुनीम सहित पांच लोग पुलिस हिरासत में हैं। खुलासे के लिए एसओजी भी सर्विलांस की टीम के साथ मौके पर गई। टीम के हाथ कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर लगे हैं। एसओजी उनकी तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव बरई निवासी भट्ठा मालिक जगजीवन राम की शनिवार रात घर में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भट्ठा मालिक की दूसरी पत्नी सुमन ने पहली पत्नी सरिता, उसके भतीजे गुलजारी, नरवीर, बिजेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों को घटना की रात ही दबिश देकर पकड़ लिया था। यह सभी लोग अपने घरों पर सोते हुए मिले थे। इनसे पूछताछ में पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा।
पुलिस ने जांच की तो जगजीवन राम व उसके चार पार्टनरों के बीच 15 दिन पहले विवाद की बात सामने आई।
मंगलवार को पुलिस ने चारों पार्टनरों को थाने बुलाकर पूरे मामले की जानकारी की। पुलिस ने पहले एक साथ पूछताछ की और बाद में एक-एक करके सभी से जानकारी की। इसके अलावा पुलिस ने भट्ठे के मुनीम को हिरासत में ले रखा है। उससे कुछ बातें सामने निकलकर आईं हैं।
पुलिस ने दूसरी पत्नी सुमन को भी थाने में बुलाया है। एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा भी सिपाहियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों के अलावा आसपास के लोगों से जानकारी एकत्र की। सर्विलांस की टीम ने घटन स्थल पर रेंज में आए मोबाइल नंबरों की सूची बनाई।
इसमें कुछ संदिग्धों के नंबर प्रकाश में आ गए हैं जिनकी लोकेशन भी घटना के बाद से शमसाबाद क्षेत्र में नहीं है। एसओजी सरगर्मी से उनकी तलाश में जुट गई है। एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि भट्ठा मालिक की हत्या के मामले में चारों पार्टनर से पूछताछ की गई है। पुलिस की टीमें लगी हुुई हैं।