राजेपुर। जमीन पर कब्जा करने के विरोध में घर में घुुसकर मारपीट के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मारपीट में तीन महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए थे।
थाना क्षेत्र के गांव दारापुर निवासी धर्मेंद्र के घर के समाने जमीन है। उस जमीन को लेकर गांव के जगवीर से पुराना विवाद चल रहा है। रविवार को जगवीर, नीरज, धीरू, सोनू, विभा, फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला कासिमबाग निवासी साधना चौहान, मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव बीसलपुर निवासी तारा देवी, जनपद एटा थाना नयागांव गांव अमरोला निवासी उर्मिला देवी गांव में पहुंचे।
यह लोग विवादित जमीन पर कब्जा करने की नियत से निर्माण कराने लगे। जानकारी होने पर धर्मेंद्र व उसकी पत्नी सोनी ने विरोध जताया। इन सभी लोगों ने धर्मेंद्र व उसकी पत्नी सहित परिवार के छह लोगों को लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।
घायलों में चार महिलाएं शामिल हैं। सोनी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान इन लोगों ने बाइक क्षतिग्रस्त की। मोबाइल भी छीनकर ले गए। पुलिस ने सोनी की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।