फर्रुखाबाद। पुलिस सत्ता के दबाव में व्यापारी नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। यह आरोप लगाते हुए एडीजी ने मिलने पहुंची महिलाओं ने आफिस गेट पर रोके जाने पर हंगामा किया। शोर सुनकर बाहर आए एसपी ने महिलाओं की पूरी बात सुनकर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। उन्होंने सीओ अमृतपुर को पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया।
कमालगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला गांधीनगर निवासी अमित गुप्ता के परिवार की कई महिलाएं मंगलवार को एडीजी जय नारायण सिंह से मिलने के लिए एसपी आफिस पहुंची।
इस दौरान एडीजी अपराध समीक्षा बैठक कर रहे थे। महिलाओं ने गेट पर रोके जाने पर हंगामा करना शुरू कर दिया और आरोप लगाने लगी कि सत्ता के दबाव में उनका मुकदमा दर्ज नहीं किया जा रहा है। महिलाओं की आवाज सुनकर एसपी डॉ.अनिल मिश्रा बाहर निकल आए।
महिलाओं ने बताया कि व्यापारी नेता व अखिल गुप्ता के बीच मारपीट हुई थी। परिवार के अन्य बच्चों के नाम मुकदमे में लिखा दिए गए हैं। अखिल के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है।
उनके परिवार की सभी दुकानें भी पुलिस ने बंद करवा दी हैं। इस पर एसपी ने कहा कि आप लोगों ने प्रार्थना पत्र नहीं दिया। इस पर महिलाओं ने कहा कि आप को दो बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
एसपी ने महिलाओं को शांत कर पूरे मामले में सीओ अमृतपुर को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए और दुकानें किसी भी हालत में बंद न करवाने का फरमान सुनाया।
फर्रुखाबाद। व्यापार मंडल श्याम बिहारी गुट के प्रदेश मंत्री अरुण प्रकाश तिवारी व जिलाध्यक्ष संजीव मिश्रा के नेतृत्व में व्यापारी नेताओं ने मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया। व्यापारी नेताओं ने कमालगंज नगर अध्यक्ष अनिल गुप्ता पर 13 नवंबर को हुए जानलेवा हमले के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो। संयुक्त मंत्री प्रमोद गुप्ता, विनीत अग्निहोत्री, लालू कनौजिया आदि भी मौजूद रहे। व्यापार मंडल प्रदेश मंत्री व अन्य पदाधिकारियों ने कमालगंज जाकर नगर अध्यक्ष अनिल गुप्ता के आवास पर उनसे भेंट की। (संवाद)