आईजी के आदेश पर चलाए गए 72 घंटे के अभियान में पुलिस एक भी इनामी नहीं पकड़ सकी। अभियान में इनामी, वांछित व टॉपटेन समेत आठ मापदंडों के अपराधियों को पकड़ने के आदेश दिए गए थे।
पुलिस ने अपनी पूरी ऊर्जा जुआरियों व शराबियों को पकड़ने में ही लगा दी। सटोरियों को भी पकड़ने के नाम पर खानापूरी की गई। इसके अलावा दो जिला बदर व चार टॉप टेन अपराधी ही गिरफ्त में आए।
आईजी रेंज मोहित अग्रवाल ने 11 अक्तूबर से 72 घंटे तक अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर धरपकड़ करने के आदेश दिए थे। एएसपी व सभी सीओ को इसमें विशेष रुचि लेने को कहा था।
थानेदार समेत अधिकारियों को काम के आधार पर नंबर देने व बेहतर काम पर दरोगा व सीओ को पुरस्कृत करने की बात कही थी। साथ ही पुलिस को लोगों से अच्छा व्यवहार करने की हिदायत दी थी।
जिले की पुलिस आठ मापदंडों को भूलकर जुआरियों, शराब विक्रेताओं के अलावा छोटे सटोरियों को पकड़ने में ताकत लगाती रही। ऐसे में दो जिला बदर व टॉप टेन के चार शातिर ही पकड़े जा सके।
अभियान में सौ से अधिक वांछितों में 50 की गिरफ्तारी की गई। 11 इनामी में से कोई पकड़ में नहीं आया। 80 से अधिक गैर जमानतीय वारंटियों में पुलिस ने 62 को पकड़ लिया।
38 जिला बदर में दो गिरफ्तार किए गए। चार लोगों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई हुई। इसमें एक भी पकड़ा नहीं जा सका। बिना नबंर की सौ से अधिक गाड़ियों की जांच की गई। सौ से अधिक टॉप टेन में चार को गिरफ्तार किया गया। कुल छह अवैध शस्त्र बरामद कर लोगों को गिरफ्तार किया गया।
वांछित अपराधी, इनामी अपराधी, गैर जमानतीय वारंटी, जिला बदर अपराधी, जिन अपराधियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई हो चुकी है, टाप टेन अपराधियों की गिरफ्तारी, बिना नबंर की गाड़ी, शस्त्र बरामदगी
जिले में 25 वर्षों से फरार इनामी अजीत मिश्रा निवासी कस्बा थाना अल्लाहगंज जिला शाहजहांपुर, हाकिम सिंह निवासी गांव ज्यौर थाना मलावन जिला एटा तथा हत्या के मुकदमे में फरार इनामी बाबू अंसारी निवासी थाना मछरेटा जिला सीतापुर, सेशन हवालात से फरार इनामी नन्हें उर्फ हरिप्रकाश निवासी गांव कंझाना थाना जहानगंज, रामू निवासी गांव शिवरई वरियार थाना कायमगंज, प्रवेश निवासी जैतपुुर थाना जहानगंज के अलावा पुष्पेंद्र निवासी पृथ्वीदरवाजा कोतवाली कायमगंज, कोतवाल सिंह निवासी न्यू लाइन क्वाटर थाना घमापुर जबलपुर मध्य प्रदेश, राजकुमार उर्फ लल्ला बहेलिया, आकाश बहेलिया निवासीगण गैसिंगपुर मोहम्मदाबाद के नाम शामिल हैं।
अभियान में वारंटी के अलावा अवैध शस्त्र व शराब के साथ सट्टे और जुए में कड़ी कार्रवाई की गई हैं। इनामी बदमाशों की धरपकड़ में भी पुलिस की टीमों ने दबिश दी है। सट्टा वालों के खिलाफ भी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की जाएगी।-डॉ. अनिल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद