लता प्रकरण में पुलिस ने एक युवक को पकड़ा
नवाबगंज। खुद के अपहरण की साजिश रचकर ससुरालीजनों को फंसाने वाली लता के मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। बताया गया कि युवक ने घटना की कहानी में अहम भूमिका निभाई थी।
थाना क्षेत्र के गांव वीरपुर निवासी रण विजय उर्फ रवि की पत्नी लता 3 सितंबर की रात घर से गायब हो गई थी। उसके कमरे में खून पड़ा मिला था। सूचना पर मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव सिकंदरपुर निवासी पिता दिनेेश कुमार ने ट्रक ड्राइवर दामाद रण विजय व उसके परिजनों के खिलाफ हत्या व शव गायब करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
4 सितंबर को लता पिता के साथ जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज पहुंची और अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटने की बात बताई। तब पुलिस ने हत्या व शव गायब करने के मुकदमे को स्पंज कर दिया था। इधर, चार दिन पहले लता ने कोर्ट के आदेश पर पति सहित अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने इस प्रकरण में गांव समैचीपुर चितार निवासी एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। युवक की लता के घर के पास ही दुकान थी और वह भी घटना के बाद से गायब था।