फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जनपद में 631 गरीबों का चयन करने के साथ उनके आवास स्वीकृत हो गए हैं। इनमें 580 लाभार्थियों के खातों में धनराशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे इन परिवारों को शीघ्र ही छत नसीब हो जाएगी। जिलाधिकारी ने शनिवार को विकास भवन सभागार में लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र वितरित किए।
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी ने 36 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। सीडीओ डॉ.राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि 580 लाभार्थियों को पहली किस्त के 40 हजार रुपये उनके खाते में भेजे जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्होंने दो गांव का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण मानक के अनुसार नहीं कराया जा रहा है। मानक से अधिक जगह पर आवास निर्माण कराया गया। आवासों में प्लास्टर व फर्श का कार्य भी अधूरा है। उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि सरकार से मिली धनराशि के अतिरिक्त धनराशि का उपयोग कर मॉडर्न आवास बनाएं। डीएम ने कहा कि लाभार्थियों को मनरेगा के तहत मजदूरी का पैसा नहीं दिया गया है। सभी बीडीओ को मानीटरिंग के साथ भुगतान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गांव सिंधौली निवासी सतेंद्र सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, कौशलेंद्र सिंह को गोवंश के भरण-पोषण में सहयोग प्रदान करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डीआरडीए के परियोजना निदेशक ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास के 580 लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजी जा रही है। जबकि 51 लाभार्थियों के धनराशि हस्तांतरण प्रक्रिया चल रही है। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में जिले में 10860 गरीबों को आवासों दिए जा चुके हैं। इस बार कुल 631 ग्रामीणों को आवास के साथ ही 12 हजार की लागत से शौचालय निर्माण भी कराया जाएगा।