फर्रुखाबाद। क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में माध्यमिक मंडलीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फर्रुखाबाद, कानपुर, कानपुर देहात और इटावा की टीमों के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्ग और भार वर्ग में प्रतिभाग कर काता, कुमिते, अटैक-डिफेंस और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले विजेताओं का चयन 16 से 20 अगस्त तक लखनऊ में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
अंडर-14 बालक वर्ग में वीर प्रताप (25 किग्रा), आयुष शाक्य (30 किग्रा), मो. ओवैस (35), दिव्यांश गुप्ता (40), अक्ष हरयाण (45) और अविरल पाठक (50) ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 में शिवेंद्र राजपूत (35), अंशु चौरसिया (40), कृष्णा (45), नैतिक (50), यश निगम (58), आदित्य कुमार (62) और अनिकेत सिंह (78) ने दमखम दिखाया। अंडर-19 में हिमांशु (45), उज्ज्वल कश्यप (50) और कमल विश्वकर्मा (54) ने स्वर्ण पदक जीता।
बालिका वर्ग में अंडर-14 की सृष्टि, वृद्धि द्विवेदी, साक्षी, लक्ष्मी, श्रद्धा यादव, विदिशा और क्रीमी सिंह ने हिस्सा लिया। अंडर-17 में ओमनी राजपूत, सान्या अंसारी, गौरवी द्विवेदी, अनन्या भारद्वाज, दीपाली वर्मा, विनिशका सिंह, पाखी सक्सेना और आराध्या कसेरा ने दमदार प्रदर्शन के बल पर पहला स्थान पाया। अंडर-19 में रिया निषाद और मान्या गुप्ता ने भी अपने खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दावेदारी की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अमित सिंह, जिला कराटे संघ के सचिव पारस भारद्वाज और माध्यमिक शिक्षा की जनपद क्रीड़ा समिति के सचिव अतुल एंथोनी ने किया। जिला कराटे संघ के सचिव पारस भारद्वाज और माध्यमिक के क्रीड़ा सचिव अतुल एंथोनी दास ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। निर्णायक मंडल में पारस भारद्वाज, आशीष गौतम, पुष्कर भारद्वाज, कृष किंग, विशाल, विष्णु सक्सेना और अभ्या मिश्रा शामिल रहे।