नाला मछरट्टा पर हो रही सफाई का जायजा गुरुवार को जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने लिया। उन्होंने ईओ को कड़े निर्देश दिए कि रात में सफाई का विशेष अभियान चलाया जाए। इसमें लापरवाही पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बुधवार को नाला मछरट्टा पर जलभराव के दौरान पानी में करंट उतरने से एक बैल की मौत हो गई थी। बैलगाड़ी चालक बाल-बाल बचा था। इससे गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा भी किया था। लोगों का कहना था कि मछरट्टा पर स्थित नाला के अक्सर चोक हो जाने से यहां जलभराव हो जाता है।
गुरुवार को जिलाधिकारी स्वयं नाला मछरट्टा पहुंचे। उन्होंने ईओ पीके श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि रात में विशेष अभियान चलाकर नाला की सफाई करवाएं। किसी भी सूरत में नाले का पानी सड़कों व गलियों में न घुसे।
उन्होंने जल निगम के अधिशासी अभियंता को भी इस कार्य में सहयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने नाला मछरट्टा चौराहे पर पूड़ी-समोसा विक्रेता को कड़े निर्देश दिए कि खानपान का सामान ढककर रखें। इस अवसर पर प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट एके सिंह और नगर पालिका के जलकल अभियंता आदि मौजूद रहे।