फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा हाईवे पर मसेनी के पास ड्रिल करते समय शनिवार को फटी पाइपलाइन की मंगलवार मरम्मत कर ली गई। शाम को जब पेयजलापूर्ति के लिए वॉल्व खोला गया तो उसकी रॉड फेल हो गई। इससे सात मोहल्लों के आठ हजार लोगों को चौथे दिन भी पानी नहीं मिल सका।
हाईवे किनारे केबल डालने के लिए शनिवार को मसेनी के पास ड्रिल की जा रही थी। दोपहर बाद अचानक पानी की पाइपलाइन फट गई। शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल करने पर पानी की मोटी धार निकली। लाखों लीटर पानी बर्बाद हो गया था। इसके बाद से लकूला, नेकपुर कलां, बधौआ कांशीराम कालोनी, प्रीतम नगला, राजा नगला, प्रीतम नगला और भोलेपुर आंशिक मोहल्लों के 8000 लोगों को पेयजलापूर्ति नहीं हो रही थी। मंगलवार दोपहर बाद हाईवे की कार्यदायी संस्था ने पाइपलाइन की मरम्मत का काम पूरा कर दिया। लकूला पानी की टंकी से शाम पांच बजे पेयजलापूर्ति बहाल की गई। नलकूप ऑपरेटर ने जैसे ही वॉल्व खोलने के लिए रॉड घुमानी शुरू की, वैसे ही फेल हो गई। लिहाजा पानी की आपूर्ति नहीं की जा सकी। अब बुधवार को वॉल्व खोलकर मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। जोन प्रभारी नीरज वर्मा ने बताया कि बुधवार को खोलने के बाद पता चलेगा कि रॉड खराब हुई अथवा गुटका। कोशिश होगी कि बुधवार शाम तक मरम्मत कर पानी की आपूर्ति शुरू हो जाए।