नवाबगंज। एक आशिक मिजाज युवक ने रिश्तेदारी में आई युवती को प्रेमजाल में फंसा कर शारीरिक शोषण किया। इससे युवती की शादी टूट गई। पीड़िता ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फतेहगढ़ कोतवाली के एक गांव निवासी युवती कुछ साल पहले नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के प्रधान के यहां रिश्तेदारी में गई थी। वहां एक आशिक मिजाज युवक से प्रेम संबंध हो गए। शादी करने की कसमें खाकर युवक उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी बीच युवती को झांसे में रखकर युवक ने दूसरी युवती से शादी कर ली। इसकी युवती को भनक तक नहीं लगी। शादी के बाद युवक युवती पर शादी न करने का दबाव बनाने लगा। इसके बाद परिजनों ने युवती की शादी एटा जनपद के एक गांव में तय कर दी। इसकी जानकारी प्रेमी को हुई तो वह फर्जी कोर्ट मैरिज पत्र बनवाकर होने वाली शादी वाले घर में पहुंच गया। लिहाजा युवती का रिश्ता टूट गया।
प्रेमी का सच पता चलने पर युवती के कस्बा निवासी रिश्तेदार ने उसे जानकारी दी। इसके बाद पीड़ि़ता ने थाने पहुंचकर शिकायत की। कहा कि दो साल से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया। हालांकि, प्रेमी पक्ष के कई लोग समझौते का प्रयास कर रहे हैं।
-