फर्रुखाबाद। तहसील सदर क्षेत्र के गांव फगुना अतनपुर में फर्जी अभिलेखों के जरिए पट्टा कराने वालों को अब भूमि से बेदखल किया जएगा। गुरुवार को बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ने गांव पहुंचकर कब्जदारों को भूमि खाली करने की चेतावनी दी।
गांव फगुनाअतनपुर में सरकारी भूमि को कागजों में हेराफेरी कर गांव के 127 लोगों ने अपने नाम पट्टा करा लिया था। जिसे वर्ष 2017 में जिलाधिकारी न्यायालय से निरस्त भी किया जा चुका। इसके बावजूद पट्टाधारक ग्राम समाज की भूमि पर काबिज हैं। एसडीएम ने पूरी जांच कर कार्रवाई के लिए पत्रावली चकबंदी विभाग को सौंप दी। गुरुवार को बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी डा. राजेश त्रिपाठी गांव पहुंचे। उन्होंने पट्टाधारकों को बुलाकर सरकारी भूमि खाली करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 127 लोगों ने करीब 100 एकड़ सरकारी भूमि का फर्जी तरीके से पट्टा कराया था। जिसे अभिलेखों में बेदखल भी किया जा चुका है। कब्जा परिवर्तन के लिए उन्होंने गांव जाकर ग्रामीणों को समझाया। शीघ्र ही सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई जाएगी। एसडीएम सदर ने बताया कि ग्राम पंचायत अमेठी कोहना में रेत की भूमि का फर्जी अभिलेखों के जरिए 156 लोगों को पट्टा कर दिया गया था। जिसे निरस्त कराकर भूमि खाली कराई जाएगी।