फोटो-2 मोहम्मदाबाद में संकिसा से सीएचसी जाने वाली बदहाल सड़क। संवाद
मोहम्मदाबाद। संकिसा रोड से ड्रग वेयरहाउस व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाली करीब 800 मीटर लंबी सड़क बदहाल है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। जल निकासी की व्यवस्था न होने से समस्या गहरा गई है।
हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और पूरा मार्ग तालाब जैसा दिखाई देने लगता है। सीएचसी जाने वाले मरीज, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और उनके तीमारदारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक पानी से भरे गड्ढों में फंसकर गिर जाते हैं। इसी मार्ग पर साप्ताहिक बाजार भी लगता है। बाजार के दिन बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से लोग खरीदारी के लिए आते हैं, लेकिन सड़क पर कीचड़ और जलभराव से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
यह मार्ग रोहिला गांव से नवाबगंज जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग को भी जोड़ता है, इसलिए दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाएगी।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामानंद ने बताया कि इस सड़क का चयन आकांक्षी नगर योजना के अंतर्गत किया गया है। करीब एक करोड़ की लागत से सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। लगभग दस वर्ष पहले इस मार्ग का निर्माण हुआ था। ईओ के अनुसार एक माह के भीतर निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।