फोटो-19 लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती रोहिताश राजपूत। स्रोत: जागरूक पाठक
फर्रुखाबाद। ननिहाल से घर जा रहे एक युवक को छपरा एक्सप्रेस में मारपीट कर फतेहगढ़ स्टेशन से पहले फेंक दिया गया। उसके पास से तीन हजार रुपये भी निकाल लिए। होश आने पर मामा को सूचना दी। इसके बाद उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव टिकुरियन नगला निवासी रोहिताश राजपूत (18) नौ मार्च को कन्नौज के गांव अतरौली में अपने मामा के घर गया था। वह बृहस्पतिवार दोपहर में वापस आने के लिए गुरसहायगंज स्टेशन से छपरा एक्सप्रेस पर सवार हुआ। आरोप है कि जब कमालगंज स्टेशन पर पहुंचे, तो कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। वह अनहोनी होने की आशंका से दूसरे डिब्बे में जाने लगा।
कमालगंज स्टेशन से निकलते ही कई अन्य युवक भी आ गए। उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। घेराबंदी करके शोर करने लगे। अन्य यात्री बोलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। उसकी जेब में रखे तीन हजार रुपये भी निकाल लिए। ट्रेन जब फतेहगढ़ स्टेशन पर पहुंचने वाली थी, तो युवकों ने ट्रेन से धक्का देकर नीचे फेंक दिया।
गनीमत रही कि नीचे मिट्टी होने की वजह से वह लुढ़कता हुआ दूर जा गिरा और बेहोश हो गया। एक-डेढ़ घंटे बाद होश आने पर उन्होंने अंदर की जेब में रखे मोबाइल से मामा सुनील कुमार को सूचना दी। इस पर पिता ब्रजपाल राजपूत, मामा और अन्य परिजन ने पहुंचकर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जीआरपी थानाध्यक्ष शेर सिंह ने बताया कि इस तरह की कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है। यदि तहरीर आएगी, तो वह जांच कर कार्रवाई करेंगे।